नवरात्रि रहस्य को प्रकट करने, चेतना के रहस्य को उजागर करने और उस स्रोत से पुनः जुड़ने का पर्व है जहाँ से सब कुछ उत्पन्न हुआ है।
– गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर
भारतीय त्यौहार विश्व स्तर पर जीवन के रंगीन और जीवंत उत्सव के रूप में जाने जाते हैं। ऐसा ही एक त्यौहार जिसकी हम सभी उत्सुकता से प्रतीक्षा करते हैं, वह है देवी की दिव्य शक्ति की पूजा और उत्सव मनाने की नौ रातें, जिन्हें लोकप्रिय रूप से ‘नवरात्रि‘ (‘नव’ का अर्थ है नौ या नया, ‘रात्रि’ का अर्थ है रातें) के रूप में जाना जाता है। इस त्यौहार को आध्यात्मिक तपस्या या उपवास सहित उत्सवों द्वारा परिभाषित किया जाता है, एक ओर मौन रखना और दूसरी ओर पवित्र होम अनुष्ठान, विविध व्यंजन, नृत्य, संगीत, रंगीन सजावट और रंग-बिरंगे परिधान।
नवरात्रि में देवी माँ के नौ विभिन्न पहलुओं का उत्सव मनाया जाता है और उन्हें सम्मान दिया जाता है, जिन्हें नव दुर्गा के नाम से भी जाना जाता है।
क्या आप जानते हैं कि चमकदार रंगों और नवरात्रि के बीच एक सुंदर संबंध है? नवरात्रि की प्रत्येक रात्रि एक विशेष रंग से जुड़ी हुई है, क्योंकि वह रंग किसका प्रतीक है।
नवरात्रि के नौ रंग (Navratri Colours in Hindi)
नवरात्रि 2025 के नौ रंग सफेद, लाल, गहरा नीला, पीला, हरा, स्लेटी (ग्रे), नारंगी, मोरपंखी हरा और गुलाबी हैं।
हर साल रंग एक जैसे ही रहते हैं, लेकिन नवरात्रि के दिनों के हिसाब से इनका क्रम बदलता रहता है। नवरात्रि के रंगों की एक सूची दी गई है:
- प्रथम दिन – 22 सितंबर, 2025 (सोमवार) – प्रतिपदा – सफेद
- दूसरा दिन – 23 सितंबर, 2025 (मंगलवार) – द्वितीया – लाल
- तीसरा दिन – 24 सितंबर, 2025 (बुधवार) – तृतीया – गहरा नीला (रॉयल ब्लू)
- चौथा दिन – 25 सितंबर, 2025 (गुरुवार) – चतुर्थी – पीला
- पांचवा दिन – 26 सितंबर, 2025 (शुक्रवार) – पंचमी – हरा
- छठा दिन – 27 सितंबर, 2025 (शनिवार) – षष्ठी – स्लेटी (ग्रे)
- सातवाँ दिन – 28 सितंबर, 2025 (रविवार) – सप्तमी – नारंगी
- आठवां दिन – 29 सितंबर, 2025 (सोमवार) – अष्टमी – मोरपंखी हरा (पीकॉक ग्रीन)
- नौवां दिन – 30 सितंबर, 2025 (मंगलवार) – नवमी – गुलाबी

नवरात्रि के रंगों का महत्व (Navratri Colours Mahatva in Hindi)
नवरात्रि के नौ रंगों में से प्रत्येक रंग देवी के एक विशिष्ट गुण का प्रतीक है।
- सफेद: सफेद रंग शांति, पवित्रता और देवी की पूजा करते समय भक्तों के हृदय में प्रार्थना का प्रतीक है।
- लाल: लाल रंग क्रियाशीलता और उत्साह का प्रतीक है। यह देवी के उग्र रूप का प्रतीक है।
- गहरा नीला (रॉयल ब्लू): गहरा नीला रंग शांति और गहरे नीले आकाश की गहराई का प्रतीक है। यह देवी के ज्ञान की गहराई का प्रतिनिधित्व करता है।
- पीला: पीला रंग चमक, खुशी और उत्साह का रंग है – जो देवी का गुण है।
- हरा: हरा रंग हर क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक विकास और उर्वरता का प्रतीक है।
- स्लेटी: स्लेटी संतुलन का प्रतिनिधित्व करता है।
- नारंगी: नारंगी रंग चमक और ऊर्जा का प्रतीक है।
- मोरपंखी हरा: मोरपंखी हरा रंग विशिष्टता और वैयक्तिकता का प्रतिनिधित्व करता है।
- गुलाबी: गुलाबी रंग प्रेम, स्नेह और सद्भाव का प्रतीक है।
इस वर्ष जब आप किसी समारोह में भाग लें तो इन रंग को ध्यान में रखें और हर दिन अलग अलग परिधान पहनें तथा उसके साथ अन्य आभूषण भी पहनें। नवरात्रि के रंगों के महत्व के ज्ञान के साथ, आप अपने वस्त्रों से भी अभिव्यक्ति कर सकते हैं।











